11 मई को श्री सोमनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने पर श्री शिव मंदिर ईंछापुरी में मनाया जाएगा जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
गुरुग्राम, 9 मई। एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच ने बताया कि सोमनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को श्री शिव मंदिर ईंछापुरी में जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा, जिसे श्रद्धालु श्री शिव मंदिर ईंछापुरी में सुन व देख सकेंगे।
एसडीएम पटौदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ श्री शिव मंदिर ईंछापुरी प्रांगण में भव्य कलश यात्रा से होगा। यात्रा में श्रद्धालु शिव भक्ति और धार्मिक जयघोषों के साथ भाग लेंगे। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी तथा सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की अटूट आस्था और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण का प्रतीक है। इस विशेष दिन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए जिला के प्रमुख श्री शिव मंदिर ईंछापुरी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण गुजरात के सोमनाथ में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय कार्यक्रम होगा, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए इस अवसर पर भजन-कीर्तन, ओंकार जाप और शिव तांडव जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम को लेकर श्री शिव मंदिर ईंछापुरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पटौदी के एसीपी मनोज कुमार, तहसीलदार रोहतास पवांर, एडीआईओ नवीन, बिजली विभाग से एसडीओ प्रभांश प्रताप, पीडब्ल्यूडी से एसडीओ वीरेंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे