लोगों को मूलभूत सुविधाएं बिजली व पेयजल आदि उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें अधिकारी : डीडीपीओ
भिवानी, 20 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रत्येक सोमवार एवं गुरूवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में सोमवार को समाधान शिविर आयोजित हुआ जिसकी अध्यक्षता जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) सोमवीर कादयान ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली, पेयजल, सीवरेज सहित जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समाधान शिविर में डीडीपीओ के समक्ष त्रिवेणी रोड़ बैंक कॉलोनी निवासी रजनीश कुमार ने पेयजल पाइपलाइन बिछवाने, राजीव कॉलोनी निवासी करण सिंह ने डेयरियों से निकलने वाले गोबर के कारण सीवरेज जाम होने, हालू बाजार निवासी संजय कुमार ने पेयजल समस्या तथा कुसुंभी निवासी रामअवतार ने खेत तक रास्ता उपलब्ध करवाने, बापोड़ा निवासी कृष्ण कुमार ने बिजली बिल दुरूस्त करवाने, नगर परिषद वार्ड नंबर-1 के पार्षद सूर्यकांत ने पंडित नेकीराम शर्मा मैडिकल कॉलेज के पास पुल क्षेत्र में मानसून के दौरान जलभराव रोकने के स्थायी प्रबंध करवाने, मंढाणा निवासी कुलवीर सिंह ने जोहड़ की भूमि से अवैध निर्माण हटवाने तथा सूरज कुमार ने अपने पुत्र की आठवीं कक्षा की डीएमसी उपलब्ध करवाने की समस्या रखी।
इसी प्रकार से भगवान दास ने पेयजल आपूर्ति के समय बिजली कटौती के कारण दादरी गेट, पातराम गेट एवं हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट तथा डाबर कॉलोनी और ऑटो मार्केट स्थित बूस्टर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। शमशेर सिंह ने खरीफ फसल-2025 का मुआवजा दिलवाने तथा आशीष ने इंसुलेटेड बिजली तार लगवाने, अनिल सोलंकी ने हनुमान गेट से दिनोद गेट तक सीवरेज कार्य के दौरान खोदे गए नालों को ढकवाने, गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित कुम्हारों वाले मोहल्ले में दूषित पेयजल आपूर्ति को दुरूस्त करवाने, सुरेंद्र कौशिक ने लोहारू गेट रेलवे फाटक से मंडी रोड तक पेयजल का कम दबाव रहने तथा बिजली संबंधी समस्या डीडीपीओ के समक्ष रखी।
डीडीपीओ के समक्ष गांव किरावड़ निवासी कृष्ण कुमार ने रात्रि ठहराव की व्यवस्था, कमल सिंह ने स्वामित्व योजना का लाभ दिलवाने तथा प्रधान हवा सिंह ने सुंदर नहर पर तालू-सिवाड़ा लिंक पुल के पास बिना अनुमति लगाए गए 10 इंच के मोगे को हटवाने, पूर्व पार्षद ईश्वर मान सिंह ने चौ. देवीलाल चौक, ऑटो मार्केट, दादरी रोड एवं लोहारू रोड के मध्य लगभग छह एकड़ भूमि पर वर्ष 2016 से प्रस्तावित पशु अस्पताल का निर्माण व आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने, गुजरानी निवासी जयबीर, खानक निवासी उर्मिला, ढिग़ावा निवासी सुरेश कुमार, सोमवंती तथा रहीमपुर निवासी अजय कुमार ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने संबंधी शिकायत रखी।
डीडीपीओ सोमवीर कादयान ने शिविर में आई सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं को क्रियान्वयन की जानकारी भी दी जाए।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से एसडीओ प्रमिंद्र, डीएचबीवीएन से एसडीओ अंकित कुमार, नगर परिषद से सुरेंद्र सांगवान, जन स्वास्थ्य विभाग (सीवरेज) से सूर्य प्रकाश जैन, एलडीएम राजन मल्होत्रा, गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, केके गर्ग, अनिल सोलंकी, अजीत शेखावत, नरेंद्र ग्रेवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।