Nuh-Palwal Road: नूंह-पलवल रोड को फोर लेन बनाने की प्रक्रिया हुई तेज, सरकार ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हरियाणा सीएम के ओएसडी एवं जिला नूंह फीडबैक व आउटरीच समन्वयक डॉ. राज नेहरू ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी नूंह जिले से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। डॉ. नेहरू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
नूंह-पलवल मार्ग को फोर लेन बनाने की जानकारी साझा करने के निर्देश
पीडब्ल्यूडी को नूंह-पलवल स्टेट हाईवे को फोर लेन बनाने की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए गए। डॉ. नेहरू ने कहा कि यदि चंडीगढ़ स्तर पर कोई मामला पैंडिंग है तो उसकी जानकारी तुरंत शेयर की जाए। मीटिंग के बाद उन्होंने पुन्हाना स्थित SDM ऑफिस, कोर्ट परिसर, सीएचसी, पीएम श्री स्कूल मालब, आंगनबाड़ी केंद्र सहित कई संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल आपूर्ति सुधार पर सख्त निर्देश
डॉ. राज नेहरू ने जन स्वास्थ्य विभाग को पेयजल की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं। हर घर जल योजना के तहत अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया गया। जहां पाइपलाइन से आपूर्ति संभव नहीं है, वहां टैंकर से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने Toll Free जल आपूर्ति सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग और कॉल रिकॉर्ड रखने को कहा। साथ ही अवैध पेयजल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई, व्यावसायिक उपयोग में घरेलू कनेक्शन रोकने और दोबारा उल्लंघन पर FIR दर्ज कराने के आदेश दिए।