{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

"NEET छात्रों के समर्थन में उतरी NSUI, हस्ताक्षर अभियान चलाकर उठाई परीक्षा सुधार की मांग"

 

 

सिरसा। NEET परीक्षा को लेकर छात्रों के बीच बढ़ती चिंताओं और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर सोमवार को सिरसा में NSUI द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से NEET अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के समर्थन में आवाज़ उठाते हुए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की गई।

NSUI के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर उनके हस्ताक्षर लिए तथा उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान छात्रों के न्याय और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही NTA पर प्रतिबंध लगाकर नई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने, कोचिंग संस्थानों की बढ़ती फीस पर सख्त नियंत्रण करने तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं का व्यवस्थित संचालन करने की मांग भी उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए NSUI लगातार संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर NSUI जिलाध्यक्ष शुभम पूनिया, प्रदेश महासचिव सतीश खिचड़, रवि संधू, नवरत्न संधू, सुखु अरोड़ा, हर्ष गाट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। टीम ने जलसेवा भी की तथा NEET अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समर्थन प्राप्त कर उनकी मांगों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया।