{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 जन्मतिथि सत्यापन के लिए एडीसी कार्यालय आने की जरूरत नहीं, नजदीकी सीएससी जाएं : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

 

फरीदाबाद, 10 जुलाई
अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि यदि किसी नागरिक को सरकार की ओर से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में जन्मतिथि (Date of Birth) के सत्यापन संबंधी संदेश प्राप्त हुआ है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर जन्मतिथि सत्यापन की प्रक्रिया सरलता से पूरी कर सकते हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा जन्मतिथि सत्यापन के लिए विभिन्न दस्तावेजों को मान्यता प्रदान की गई है। नागरिक इनमें से किसी भी एक मान्य दस्तावेज के आधार पर अपनी जन्मतिथि का सत्यापन करा सकते हैं। यदि कोई नागरिक वोटर आईडी कार्ड प्रस्तुत करता है तो वह वर्ष 2019 से पूर्व जारी होना चाहिए। इसके अतिरिक्त हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अथवा किसी अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड द्वारा जारी दसवीं कक्षा की अंकतालिका भी मान्य दस्तावेज के रूप में स्वीकार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों ने दसवीं कक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, वे संबंधित विद्यालय द्वारा जारी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) अथवा विद्यालय के प्रवेश रजिस्टर (Admission Register) की सत्यापित प्रति प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा जन्म प्रमाण-पत्र (Birth Certificate) और पासपोर्ट भी जन्मतिथि सत्यापन के लिए मान्य दस्तावेज हैं। पूर्व सैनिक अपने डिस्चार्ज बुक अथवा डिस्चार्ज प्रमाण-पत्र के आधार पर भी सत्यापन करा सकते हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि ने कहा कि जिन नागरिकों को जन्मतिथि सत्यापन का संदेश प्राप्त हुआ है, वे शीघ्र ही अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अधिकृत पोर्टल के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण करें। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त होता रहेगा।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि परिवार पहचान पत्र में दर्ज जानकारी का समय पर सत्यापन प्रत्येक परिवार के हित में है। समय रहते सत्यापन कराने से भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक अथवा तकनीकी समस्या से बचा जा सकता है। जिला प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।