{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  निपुण 2.0 नेतृत्व सम्मेलन का सफल समापन, आधारभूत शिक्षा को और मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
​​​​​​​

 

हिसार, 25 जून।
शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित तीन दिवसीय निपुण 2.0 नेतृत्व सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। सम्मेलन में राज्य एवं जिला स्तर के शिक्षा अधिकारियों, शैक्षणिक नेतृत्वकर्ताओं तथा शिक्षा विशेषज्ञों ने भाग लेकर निपुण हरियाणा मिशन की उपलब्धियों की समीक्षा की तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए भविष्य की रणनीतियों एवं प्राथमिकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण टीचिंग एंड लर्निंग प्रैक्टिसेज़ स्टडी हरियाणा की रिपोर्ट का विमोचन एवं उस पर आधारित विस्तृत चर्चा रही। यह अध्ययन राज्य के विद्यालयों में कक्षा-कक्ष की प्रक्रियाओं, विद्यार्थियों की सहभागिता, शिक्षण पद्धतियों तथा शैक्षणिक सहयोग तंत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया था। अध्ययन के निष्कर्षों में यह स्पष्ट हुआ कि हरियाणा ने आधारभूत शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
 एससीईआरटी हरियाणा के निदेशक डॉ. समवर्तक सिंह ने कहा कि निपुण 2.0 नेतृत्व सम्मेलन ने पुनः स्थापित किया है कि शिक्षा में स्थायी एवं प्रभावी परिवर्तन तभी संभव है, जब नीति, शिक्षा शास्त्र और व्यवहार के बीच बेहतर समन्वय हो। उन्होंने कहा कि एससीईआरटी हरियाणा शिक्षकों को उच्च प्रभावशाली शिक्षण रणनीतियों से सशक्त बनाने, शैक्षणिक नेतृत्व को मजबूत करने तथा बाल वाटिका से कक्षा पांच तक सीखने की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर राज्य नोडल अधिकारी निपुण हरियाणा डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि निपुण 2.0 केवल कार्यक्रम का अगला चरण नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण आधारभूत शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा विशेषज्ञों ने नेतृत्व विकास, शिक्षण सुधार, प्रणालीगत परिवर्तन तथा शैक्षणिक सहयोग तंत्र को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। समूह चर्चाओं, अनुभव साझा सत्रों तथा कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने निपुण 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार की।
सम्मेलन में हिसार जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार तथा जिला एफएलएन समन्वयक प्रमोद कुमार ने भाग लिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिसार जिले में निपुण हरियाणा मिशन के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए और अधिक प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर से लेकर जिला स्तर तक योजनाओं एवं रणनीतियों को और मजबूत बनाते हुए उनके बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत शिक्षा उपलब्ध हो सके।