New Toll Plaza: नेशनल हाईवे 352A पर सफर करना हुआ महंगा, ये टोल प्लाज़ा हुआ शुरू
Oct 19, 2025, 13:25 IST
New Toll Plaza: धनतेरस के दिन (शनिवार, 18 अक्टूबर 2025) गोहाना-सोनीपत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-352A) पर मोहाना गांव के पास नया टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया, जिससे फरीदाबाद, सोनीपत, गोहाना, रोहतक और आसपास के क्षेत्र के हजारों वाहन चालकों को सफर महंगा पड़ गया।
हालांकि टोल वसूली की शुरुआत के पहले ही दिन अव्यवस्था और ज्यादा वसूली की शिकायतों के चलते हंगामे जैसी स्थिति बन गई। वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर निर्धारित दर से ज्यादा वसूली की गई और फास्टैग काम नहीं कर रहे थे। ऑनलाइन भुगतान स्वीकार नहीं किया गया, सिर्फ कैश ही लिया गया। टोल दरों की सूची प्लाजा पर चस्पा नहीं थी, जिससे लोग सही दर जान ही नहीं पाए।
मोहाना टोल प्लाजा की टोल दरें (एक तरफ/दोनों तरफ/मासिक पास):
वाहन श्रेणी | एक तरफ | आना-जाना | मासिक पास |
---|---|---|---|
कार, जीप, वैन या हल्के वाहन | 65 | 95 | 2140 |
लाइट कमर्शियल वाहन / मिनी बस | 105 | 155 | 3455 |
बस / ट्रक (2 एक्सल) | 215 | 325 | 7240 |
3 एक्सल कमर्शियल वाहन | 235 | 355 | 7895 |
4 से 6 एक्सल वाहन | 340 | 510 | 11350 |
7 से अधिक एक्सल वाहन | 415 | 620 | 13820 |
टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर वाणिज्यिक वाहन चालक 340 रुपये में मासिक पास बनवा सकते हैं।