{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनेगा नया बस स्टॉप: एडीसी अर्पित संगल

 

सिरसा, 01 जुलाई।
ग्रामीणों की परिवहन और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीणों की      सुविधा के लिए आगामी दो दिनों के भीतर गांव में बस स्टॉप बनाया जाए। इससे क्षेत्र के सैकड़ों यात्रियों और विद्यार्थियों को सुविधा होगी। इसी प्रकार गांव में पेयजल के लिए सबसे पहले पानी की गहन जांच की जाए। जांच में पानी की गुणवत्ता सही पाए जाने के आधार पर नया ट्यूबवेल लगाया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिल सके।
ये निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने मंगलवार को गांव मीरपुर में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में कुल 60 शिकायतें आई। अतिरिक्त उपायुक्त ने एक-एक शिकायत पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के दिशा-निर्देश दिए।
गांव में पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल का गांव के सरपंच वेद  प्रकाश व गणमान्य व्यक्तियों ने स्वागत किया। सबसे पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने गांव में आयोजित खो-खो खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाते हुए युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आहवान भी किया।
सरपंच वेद प्रकाश ने पंचायत की तरफ से गांव के विकास कार्यों बारे मांग पत्र अतिरिक्त उपायुक्त को सौंपा, जिनमें लाईब्रेरी व जिम हाल बनाने, गांव से ढाणियों में पेयजल की लाइन डालने, शिवधाम के सौंदर्यकरण करने, खेतों के मुख्य रास्ते को पक्का करने, गांव में वैट्रनी डाॅक्टर की व्यवस्था आदि मांग शामिल थी। इन पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जो कार्य प्रशासन स्तर पर होंगे, उन्हें जल्द करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि गांव में जाकर वहां की समस्याओं को नजदीक से समझकर उनका प्राथमिकता से समाधान करना है।
विभागों ने स्टॉल लगाकर दी जानकारी:
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने विभाग से संबंधित स्कीमों व योजनाओं की जानकारी वाली स्टॉल लगाई। ग्रामीणों ने स्टाॅलों के माध्यम से योजनाओं का किस प्रकार लाभ उठाया जा सकता है व इसकी प्रक्रिया क्या होती है, इस बारे जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति विभाग, आयुष, जन स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवार पहचान पत्र(ग्रिड), जिला समाज कल्याण, जिला कल्याण, बिजली, पशुपालन एवं डेयरी, कृषि एवं किसान कल्याण, हरियाणा ग्रामीण बैंक व विकास एवं पंचायत आदि विभागों ने स्टॉल लगाई।
इस मौके पर डीएसपी राजेश कुमार, डीएफसी हरवीर, एलडीएम संजीव कुमार, उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष, डिप्टी सीएमओ राजेश चैधरी, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, टीएम सुधीर कुमार, आरएफओ हरीपाल, एसओ मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।