{"vars":{"id": "128336:4984"}}

धूरी में बोले नायब सैनी, ‘सिनेमा चुटकुलों से चलता है, राज्य विकास से’ 

 
 

चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी से अपने राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी। इस दौरान पार्टी ने महाराजा रणजीत सिंह के शासन मॉडल को पंजाब के विकास का आदर्श बताते हुए जनता के सामने अपनी राजनीतिक दृष्टि रखी। कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए।

धूरी से दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती

रैली को संबोधित करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी ही विधानसभा सीट धूरी के लोगों से किए गए वादे पूरे करने में असफल रहे हैं। उन्होंने मान को अगले चुनाव में फिर से धूरी से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि चार साल बीत जाने के बावजूद क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिला और किसान अभी भी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सैनी का मान पर हमला

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य केवल मजाक और भाषणों से नहीं चलते, बल्कि विकास कार्यों से आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा, "सिनेमा हॉल चुटकुलों से चलते हैं, राज्य विकास से चलते हैं।" सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जा रही हैं और वहां के किसान पंजाब की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

महाराजा रणजीत सिंह के शासन मॉडल का जिक्र

अपने संबोधन में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह का शासन आज भी पंजाब के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने कहा कि उस दौर में किसान समृद्ध थे, सभी धर्मों का सम्मान होता था और लोगों में भय का माहौल नहीं था। भाजपा उसी तरह का समृद्ध और समान अवसर वाला पंजाब बनाना चाहती है।

117 विधानसभा सीटों पर फोकस

भाजपा ने घोषणा की है कि वह अगले चुनाव से पहले राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंच बनाएगी। पार्टी पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की तैयारी कर रही है।