{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  सावित्री जिंदल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गूंजा योग का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

 


अग्रोहा, 21 जून।
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन रविवार को सावित्री जिंदल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद जनरल डी.पी. वत्स ने की वहीं प्रशासनिक निदेशक डॉ. आशुतोष शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। एमबीबीएस, नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी के विद्यार्थियों तथा संकाय सदस्यों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में डॉ. डी.पी. वत्स ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान डॉ. जनरल डी.पी. वत्स ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील होना भी स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए आवश्यक है।

इससे पूर्व 19 जून को कॉलेज में एक विशेष योग सम्मेलन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनरल डीपी वत्स व महाविद्यालय निदेशक डॉ करणदीप सिंह ने की। कार्यक्रम में हर्टफ़ुलनेस सोसायटी ने प्रतिभागियों को चेयर योग  एवं विभिन्न ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं को दूर करने में सहायक है।

योग सम्मेलन में आयुष विभाग की विशेषज्ञ डॉ. मोनिका बांगा, डॉ. मोनिका भारद्वाज एवं डॉ. सुखबीर ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को योग के विभिन्न आयामों, वैज्ञानिक महत्व तथा स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रमों में श्रीमति गीता वत्स, शान वत्स, डॉ. मोनिका जैन, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. प्रमिला पांडे, डॉ. पवन अग्रवाल, पवन शारदा, अजय शर्मा एवं उषा शर्मा सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।