{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 एसआईआर अभियान को लेकर बीएलए के साथ बैठक, बीडीपीओ प्रियंका रावत ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
​​​​​​​

 

फरीदाबाद, 06 जुलाई।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत आज मवई क्षेत्र में बीडीपीओ प्रियंका रावत ने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं समयबद्ध रूप से जमा कराने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बीडीपीओ प्रियंका रावत ने उपस्थित बीएलए को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर उन्हें गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बीएलए से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं को अभियान से जोड़ें तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें। बैठक के दौरान उपस्थित बीएलए से क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की गई तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।