{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  एसआइआर व बूथ रेशनलाइजेशन को लेकर बैठक आयोजित

 

सिरसा, 01 जुलाई।
44-रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानिया शुभम शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रधान, सचिव एवं प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण तथा बूथ रेशनलाइजेशन बारे बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन बारे जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 21 जुलाई को होगा, जबकि दावे एवं आपत्तियां 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्राप्त किए जाएंगे इनका निस्तारण 18 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। बैठक के दौरान बूथ रेशनलाइजेशन के तहत 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों पर नए मतदान केंद्र स्थापित करने अथवा आवश्यकतानुसार बूथों के विलय संबंधी प्रस्तावों की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि बूथ रेशनलाइजेशन को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति हो तो वे 02 जुलाई तक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने सभी दलों से बीएलओ एवं निर्वाचन अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने तथा आमजन को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करने का भी आग्रह किया।
बैठक में मतदाताओं की सुविधा के लिए स्थापित हेल्प डेस्क की जानकारी देते हुए बताया गया कि अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में हेल्प डेस्क प्रतिदिन प्रातः 7ः00 बजे से रात्रि 9ः00 बजे तक कार्यरत रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए 01666-297467 पर संपर्क किया जा सकता है।