{"vars":{"id": "128336:4984"}}

   कारगिल विजय दिवस उत्साहपूर्वक एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया

 

सिरसा : 25 जुलाई। आज  सतलुज पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस अत्यंत उत्साह, गर्व के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित स्कूल समिति के सदस्यों का स्वागत भावपूर्ण सलीके से किया गया तथा विद्यार्थियों द्वारा कारगिल के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाषण, कविता, देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्यों की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं।
विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने  सभागार में उपस्थित सभी का मन मोह लिया। पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया और सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। प्रत्येक प्रस्तुति ने कारगिल के अमर वीरों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक श्री नवजीत सिंह सरकारीया जी ने विद्यार्थियों को कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने देश के वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए  सभी विद्यार्थियों को देश का जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान की गरिमामयी एवं भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ।