{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा के इस जिले में 8 मई को लगेगा रोजगार मेला, युवाओं का होगा सीधा चयन  

 
हिसार, 3 मई। आर्यनगर स्थित गुरु दक्ष आईटीआई में रविवार को कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए प्रवेश सत्र की तैयारियों और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

संस्थान के प्रधान कृष्ण कुमार सिंहमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई को देश की अग्रणी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेगी। इस दौरान कंपनी अपने नीमराना (अलवर, राजस्थान) स्थित प्लांट के लिए 100 से अधिक तकनीकी पदों पर आईटीआई पास युवाओं का चयन करेगी।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिसमें योग्य विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले ढाई वर्षों में यह पांचवीं बार है जब हीरो मोटोकॉर्प इस संस्थान में रोजगार मेले के लिए पहुंच रही है।

संस्था के महासचिव संदीप गंगवा ने बताया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए संस्थान और हीरो मोटोकॉर्प के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बन चुकी है। इस समझौते के तहत फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन और ड्राफ्ट्समैन (सिविल) ट्रेड के विद्यार्थियों को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। बैठक में कोषाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता बस्तीराम भोभरिया ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।