{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

 सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश*

 

गुरुग्राम, 25 जून। 

गुरुग्राम स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री माता शीतला देवी मंदिर में इस वर्ष आषाढ़ मेले का आयोजन 30 जून से 29 जुलाई तक किया जाएगा। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। मेला व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आज श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड के प्रशासक एवं डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री माता शीतला देवी मंदिर श्राइन बोर्ड तथा जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि श्री माता शीतला देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिवर्ष देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करें तथा मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दें।

डीसी ने पुलिस विभाग को मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सकीय दल, एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने के लिए कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नगर निगम को पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, पेयजल, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम रखने तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। वहीं परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसीपी कपिल, मंदिर प्रबंधन की ओर से टेंपल ऑफिसर युगदत्त शर्मा, पंकज सहित पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, अग्निशमन, परिवहन, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।