{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  विकास कार्यों का किया लोकार्पण, वाटर वर्क्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश

 

हिसार, 27 जून।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के उपलक्ष में ढाणी गारण( हंसनगर) में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बीसी चौपाल में 11 लाख रुपए की लागत से बने नव-निर्मित शेड तथा बीसी चोपाल में नवनिर्मित हॉल का विधिवत लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने संत शिरोमणि कबीर के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष किसी एक समाज या जाति के नहीं होते वे सर्व समाज के होते हैं। उनकी जयंतियां मनाया जाना तभी सार्थक होगा जब हम गुरु महाराज की शिक्षाओं पर भी चले। नशे जैसी बुराइयों से अपने युवाओं को बचाएं और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें काबिल बनाए। हरियाणा सरकार सरकारी स्तर पर महापुरुषों की जयंतियां मना रही है, इसका यही कारण है कि समाज के युवा महापुरुषों के बताए रास्ते पर चले। कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि बरवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। ढाणी गारण में अच्छी सडक़े बनवाई गई है। इसके अलावा सीवरेज लाइन भी मंजूर कर दी गई है। जल्द ही क्षेत्र में एसटीपी बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने चौपाल के लंबित कार्यों को भी पूरा करवाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पास के गांव ढाणी खान बहादुर में एक अलग से जल घर को भी मंजूर कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में जलापूर्ति की व्यवस्था में सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने गांव के वाटर वर्क्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव तथा आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, सुंदर बंसल, रोहतास, सरपंच सोनू रामनिवास, विजय, सतवीर, सोमवीर, धर्मपाल, निहाल सिंह, सूरजभान व अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।