पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की : बोले धनखड़
बहादुरगढ़, 21 जून। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल एवं सशक्त नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की सोच और संकल्प मोदी जी ने दी है, जो आज हर भारतीय का सपना और संकल्प बन चुका है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने प्रबुद्ध नागरिकों, डॉक्टरों, वकीलों, प्रोफेसर्स, शिक्षकों, सीए , उद्योगपतियों एवं व्यवसायियों के लिए आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आगे खड़ा दिखाई देता है। भारत आर्थिक, सांस्कृतिक,सामाजिक, सैन्य,चिकित्सा, शिक्षा,स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेती किसानी, आईटी,उत्पादन ,ढांचागत विकास सहित हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर से तेजी से अग्रसर है। आज भारत की इकॉनोमी दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है। हमें वर्ष 2047 तक पीएम मोदी जी के संकल्प और हर भारतीय के सपने विकसित भारत को साकार करने के लिए और मेहनत करनी होगी।
राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कहा कि आजादी के बाद मोदी जी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। उन्होंने काम करके दिखाया है, इसलिए उनको देश की जनता जनार्दन का लगातार आशीर्वाद मिला है। देश की जनता जनार्दन उनको सुनती भी है और देश हित में उनकी सोच का अनुकरण भी करती है।
पूर्व मंत्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस अपनी जन विरोधी नीतियों और कमजोर नेतृत्व के कारण राजनीतिक रूप से हाशिए पर जा रही है। क्षेत्रीय राजनीतिक दलों का भी जनाधार सिकुड़ रहा है। धनखड़ ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य के साथ अपने देश के हितों पर फोकस रखते हुए आगे बढ़ना है । हर भारतीय यह संकल्प ले कि हमें अपने देश के लिए कुछ करना है ।जैसे कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना ने पाकिस्तान का एक भी ड्रोन और मिसाइल अपनी धरती पर नहीं गिरने दिया, उनको हवा में ही मार गिराया । दूसरी तरफ हमारी बहादुर सेना ने जहां चाहा दुश्मन को वहीं मारा । पाकिस्तान के अंदर जाकर भी उनको पीटा। ये बदलते भारत की तस्वीर है।
धनखड़ ने मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनवाते कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आने से खेती जोखिम फ्री की है । हरियाणा सरकार ने आपदा प्रबंधन की नीति के तहत हर वर्ष 1100 करोड़ रुपये किसानों को दिए हैं। आयुष्मान योजना आने से गरीबों और बुजुर्गों को महंगे इलाज की चिंता नहीं है।
सम्मेलन में पहुंचे बुद्धिजीवियों ने भी मुख्य वक्ता श्री औमप्रकाश धनखड़ से सरकार की भावी नीतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी सवालों के जवाब दिए गए।
सम्मेलन को जिला प्रभारी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष विकास बाल्मीकि, भाजपा नेता दिनेश कौशिक, जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना,दिनेश शेखावत सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर चैयरपर्सन सरोज राठी,जिला उपाध्यक्ष जयकिशन छिल्लर, संजीव सैनी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।