{"vars":{"id": "128336:4984"}}

12 वर्षों में छोटे कारोबारियों को मिली नई ताकत, पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर बन रहे गुरुग्राम के रेहड़ी-पटरी विक्रेता*

 

 

गुरुग्राम, 10 जून।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना, जिसने गुरुग्राम के हजारों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। यह योजना न केवल छोटे कारोबारियों को बिना किसी जमानत के आसान ऋण उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

*लगभग 50 हजार ऋण स्वीकृत, हजारों परिवारों की आजीविका को मिली मजबूती*

पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप गुरुग्राम में अब तक 49,948 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। योजना के प्रथम चरण में 15,097 लाभार्थियों को 15 हजार रुपये तक का ऋण प्रदान किया गया, जबकि दूसरे चरण में 4,103 लाभार्थियों को 25 हजार रुपये तक और तीसरे चरण में 699 लाभार्थियों को 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस वित्तीय सहायता ने छोटे व्यापारियों को अपने कारोबार का विस्तार करने, आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर प्रदान किया है। योजना के माध्यम से अनेक परिवारों की आजीविका को स्थायित्व मिला है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।

*डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन से बदल रही स्ट्रीट वेंडर्स की तस्वीर*

पिछले 12 वर्षों में डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से देश में डिजिटल लेनदेन को नई पहचान मिली है। गुरुग्राम में भी पीएम स्वनिधि योजना के तहत 18,967 स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त 8,697 वेंडर्स की प्रोफाइलिंग कर उन्हें औपचारिक आर्थिक ढांचे में शामिल किया गया है। डिजिटल लेनदेन अपनाने से व्यापारियों की वित्तीय विश्वसनीयता बढ़ी है तथा उन्हें बैंकिंग सेवाओं और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी हुई है। यही नहीं, 190 लाभार्थियों ने क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर वित्तीय समावेशन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

*आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में निभा रही अहम भूमिका*

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि 

पीएम स्वनिधि योजना केवल ऋण वितरण की योजना नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों को सम्मानजनक आजीविका, वित्तीय सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान लागू की गई इस तरह की योजनाओं ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गुरुग्राम में योजना की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब छोटे कारोबारियों को उचित अवसर और वित्तीय सहयोग मिलता है, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करते हैं बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करते हैं। पीएम स्वनिधि योजना आज गुरुग्राम के हजारों स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार बन चुकी है।