{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा के कई जिलों में व्रजपात और तेज हवाओं की चेतावनी, IMD ने जारी किया एडवाइजरी 

Haryana Weather Alert Today: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने गुरुवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर का आंधी-तूफान आने की संभावना है।
 

Haryana Weather Alert Today: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने गुरुवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर का आंधी-तूफान आने की संभावना है।

 

मौसम विभाग ने बताया कि तावड़ू, बल्लभगढ़, सोहना, गुरुग्राम, बहादुरगढ़, सांपला, रोहतक, फरीदाबाद, खरखौदा, सोनीपत, गन्नौर, समालखा, गोहाना और इसराना क्षेत्रों में दोपहर 4:30 बजे तक मध्यम गरज-चमक वाले तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में हवाओं की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा फिरोजपुर झिरका, पुनहाना, होडल, हथीन, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, पटौदी, झज्जर, बेरी, मेहम, जुलाना, सफीदों, जींद और पानीपत समेत कई इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हल्की आंधी और बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है।

 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं और उड़ता हुआ मलबा लोगों के लिए खतरा बन सकता है। बिजली गिरने की आशंका विशेष रूप से बड़े पेड़ों, बिजली के टावरों, जलाशयों, ऊंची इमारतों और पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक रहेगी। विभाग के अनुसार खराब मौसम का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। खड़ी फसलों और बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। साथ ही बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है और कुछ क्षेत्रों में अस्थायी बिजली कटौती की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने, खुले स्थानों में खड़े न होने तथा उड़ते हुए मलबे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि कोई व्यक्ति वाहन चला रहा हो और सुरक्षित स्थान तक पहुंचना संभव न हो, तो उसे किसी सुरक्षित जगह पर वाहन रोककर बंद वाहन के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि लोग पेड़ों के नीचे शरण न लें और बारिश या आंधी के दौरान तालाब, झील, नदी या अन्य जल स्रोतों के पास जाने से बचें।