{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

*सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ सुरक्षा का सशक्त कवच बन रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान*

 

गुरुग्राम, 27 जुलाई।

डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में गुरुग्राम जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 

*बेटियों का समय पर टीकाकरण कराना प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी : डीसी*

डीसी उत्तम सिंह ने जिले के अभिभावकों से आह्वान करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, लेकिन समय रहते लगाया गया एचपीवी टीका इससे बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित और भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सक्षम है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए अपनी पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि आज उठाया गया यह एक छोटा-सा कदम भविष्य में बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त जीवन की मजबूत नींव बनेगा।

*करीब तीन हजार किशोरियों को लग चुकी है एचपीवी वैक्सीन : डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल*

अभियान के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल ने बताया कि जिले में अब तक करीब 3,000 पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रतिदिन टीकाकरण और जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही हैं। यह टीकाकरण मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक सत्र से पहले छात्राओं एवं अभिभावकों को टीके की सुरक्षा, इसके लाभ और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि जिले की प्रत्येक पात्र किशोरी तक इस जीवनरक्षक टीकाकरण का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।