{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 29-30 मई को भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका 

 Haryana Weather News: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 मई को मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
 

 Haryana Weather News: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 मई को मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र सहित कई इलाकों में बारिश की संभावान

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। विभाग की भाषा में “कुछ स्थान” का मतलब जिले के 25 से 50 प्रतिशत हिस्से में बारिश होना माना जाता है। वहीं राज्य के बाकी जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। 29 मई को मौसम का असर और ज्यादा बढ़ेगा। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत के 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में कहीं-कहीं या कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

30 मई को भी मौसम का असर जारी रहेगा। अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं कैथल, जींद, रोहतक और झज्जर के 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश हो सकती है। सिरसा और फतेहाबाद को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की आशंका

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 और 30 मई के दौरान बारिश के साथ तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 31 मई को पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद 1 जून से पूरे हरियाणा में मौसम साफ रहने और शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। प्रशासन को भी संभावित खराब मौसम से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।