{"vars":{"id": "128336:4984"}}

पंजाब-हरियाणा में गर्मी से बेहाल होंगे लोग, 11 जून तक हीटवेव का अलर्ट

चंडीगढ़: उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद अब हरियाणा और पंजाब के लोगों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। हालांकि 11 जून के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और आंधी के साथ मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 जून से 11 जून तक पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में लू चल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
 
11 जून से बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 11 से 13 जून के बीच हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

जून में सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में अब तक दोनों राज्यों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

1 जून से 7 जून की सुबह तक:

  • पंजाब में 4.9 मिमी के दीर्घकालिक औसत (LPA) के मुकाबले केवल 3.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 31 प्रतिशत कम है।

  • हरियाणा में 5.6 मिमी के औसत के मुकाबले 4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 29 प्रतिशत कम है।

पिछले कुछ दिनों में दोनों राज्यों के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। इसके चलते दिन और रात का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ था।

पंजाब में बरनाला रहा सबसे सूखा जिला

पंजाब में जून के दौरान अब तक बरनाला जिले में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है। राज्य के 14 जिलों में सामान्य से कम और छह जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

सबसे ज्यादा बारिश वाले जिले:

  • नवांशहर – 9.5 मिमी

  • अमृतसर – 8.4 मिमी

  • मानसा – 6.2 मिमी

हरियाणा में सिरसा सबसे सूखा

हरियाणा में सिरसा ऐसा एकमात्र जिला है जहां जून में अब तक बारिश नहीं हुई है। राज्य के 16 जिलों में सामान्य से कम जबकि छह जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

सबसे ज्यादा बारिश वाले जिले:

  • पलवल – 16.5 मिमी

  • करनाल – 11.3 मिमी

  • रेवाड़ी – 11.1 मिमी

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में 13 जून तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।