{"vars":{"id": "128336:4984"}}

समाधान प्रकोष्ठ पर आई शिकायतों का निवारण करने में सजगता बरतें विभागाध्यक्ष: एडीसी अर्पित संगल

 अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन
 

सिरसा, 08 मई। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में समाधान प्रकोष्ठ की बैठक ली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण व नगराधीश अजय सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले सेवा विभाग की एसीएस जी.अनुपमा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में आई 7839 शिकायतों में से 6035 का समाधान किया जा चुका है। 275 शिकायतों पर कार्य चल रहा है, 1279 शिकायतें रिजेक्ट हो चुकी हैं, जबकि 250 शिकायतों को रिओपन किया गया है। उन्होंने कहा कि समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर तथ्यात्मक रिपोर्ट अपलोड की जाए। समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को अधिकारी अच्छे से जांच करके उस शिकायत का समाधान करें और इसकी रिपोर्ट भी भिजवाएं। लंबित शिकायतों को जल्द से जल्द समाधान करके पूर्ण एटीआर के साथ पोर्टल पर भी अपडेट करें।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। साथ ही लंबित शिकायतों का भी निवारण करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। यदि शिकायत का निवारण उच्च स्तर पर किया जाना है, तो उसके लिए भी लगातार पत्राचार करें। जिन शिकायतों का निवारण किया जा चुका है, उनकी एटीआर भी पूर्ण विवरण के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाए।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का स्थाई समाधान हो और संबंधित विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जन शिकायतों का हल करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें और इस कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने बताया कि सप्ताह में प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर लगाया जाता है। सिरसा में समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय के कमरा नम्बर 63 में होता है। आमजन की कोई भी समस्या हो, उसे समाधान शिविर में रखें और उसका समाधान करवाएं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है।