{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेता हुआ हेड कांस्टेबल गिरफ्तार,  ASI के कहने पर लिए थे रुपये

 

Haryana News: हरियाणा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की करनाल टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने हेड कॉस्टेबल को  पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी सिपाही का नाम बलराम बताया जा रहा है और वह सोनीपत जिले के थाने सदर गोहाना में तैनात था। वहीं इस मामले में ASI विकास कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है, जो अभी फरार है। 

 हेड कांस्टेबल ने फोन पर कराई ASI से बात

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया था कि उसके भाई दीपक के खिलाफ गोहाना थाने में मुकदमा दर्ज है और वह इस मामले में अभी सोनीपत जेल में बंद है। इस मुकदमा की जांच ASI विकास कुमार की ओर से की जा रही है। उसके दोस्त ने उसे बताया कि मुख्य सिपाही बलराम, सदर थाना गोहाना उसका जानकार है। वह और उसका दोस्त मुख्य सिपाही बलराम से मिले। इसके बाद हेड कांस्टेबल बलराम ने उनको कहा कि ASI विकास कुमार उसका जानकार है। इसलिए मैं तुम्हारा काम करवा दूंगा। हेड कॉस्टेबल बलराम ने उनके सामने ही ASI विकास कुमार से फोन पर भी बातचीत की और एसआई से मिलने के लिए कहा। 

ASI ने मांगी 25 हजार रुपये की रिश्वत

इसके बाद एसआई विकास कुमार ने उन्हें सीआईए स्टाफ गोहाना में बुलाया। आरोप है कि ASI विकास कुमार ने कहा कि मैं तुम्हारे भाई के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चालान जल्दी कोर्ट में पेश कर दूंगा और आपके भाई की जमानत जल्द हो जाएगी। इसके बदले में ASI विकास कुमार ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रूपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के कहने पर 25,000 रुपये पर में सहमति हो गई। एएसआई ने कहा कि आप इस संबंध में मुख्य सिपाही बलराम थाना सदर गोहाना से मिल लेना। उसकी इस बारे में बलराम से बात हो गई है।

20 हजार रुपये गूगल पे कराए

आरोपी ASI विकास के कहे अनुसार वह मुख्य सिपाही बलराम से मिला तो 20 हजार रुपये गूगल पे के माध्मम से डलवाए गए। जबकि, पांच हजार की रिश्वत लेते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।