{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Hayana News: हरियाणा में ढाई करोड़ की लागत से बनेगी 8 KM लंबी ये सड़क, 10 से ज्यादा गांवों को होगा फायदा

 
Hayana News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, बल्लभगढ़ और मंझावली गांव की सड़क का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। अगले महीने से सड़क के निर्माण काम शुरू कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट पर लगभग ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बल्लभगढ़ को मंझावली गांव को कनेक्ट करने के लिए अभी करीब आठ किलोमीटर लंबी सड़क बनी हुई है। इस सड़क पर 10 से ज्यादा गांव पड़ते हैं। यह मार्ग स्मार्ट सिटी और यमुना पार के गांवों के बीच आवागमन का एक मुख्य रास्ता है। इसके अलावा यह सड़क दिल्ली-मथुरा रोड को मंझावली पुल के माध्यम से उत्तर प्रदेश से भी कनेक्ट करती है। हालांकि,  पिछले कुछ सालों से सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह पर गहरे गड्ढे, टूटी हुई डामर की सतह, बारिश के मौसम में जलभराव और कीचड़ जैसी समस्या पैदा हो जाती है। जिसकी वजह से लोगों का इस सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। जिसके चलते लोग इस सड़क को बनाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को बनाने का फैसला लिया है और इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। क्या बोले पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि लगातार मांग के चलते PWD ने सड़क का निर्माण जल्द शुरू करने की तैयारी की है। ट्रैफिक मैनेजमेंट की भी तैयारी निर्माण के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए विभाग की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी तैयार की जा रही है। फिलहाल, वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर ली गई है और संबंधित इलाकों में साइनबोर्ड लगाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस और ट्रैफिक विभाग के सहयोग से यातायात को कंट्रोल किया जाएगा। इस सड़क को आधुनिक मानकों के अनुसार ही बनाया जाएगा। इसमें मजबूत बेस लेयर, गुणवत्तापूर्ण डामर की परत, दोनों किनारों पर नाले की व्यवस्था और जल निकासी के लिए पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।