{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : क्या हरियाणा में चार गुना बढ़ गया बिजली बिल? विज ने बताया सच

 
Haryana : हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट किया है कि कृषि उपभोक्ताओं के टैरिफ में कोई बदलाव नहीं हुआ है, और घरेलू उपभोक्ताओं के अधिकांश बिलों में पिछले साल की तुलना में कमी दर्ज की गई है। हालांकि कुछ श्रेणियों में मामूली बढ़ोतरी भी देखने को मिली है। विज ने दावा किया कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि बिजली बिल चार गुना तक बढ़ गए हैं, जो कि बिल्कुल  झूठ है।

जानें किसे श्रेणी को कितना लाभ या नुकसान?

विज कहा कि 94 प्रतिशत उपभोक्ता जो श्रेणी-I और श्रेणी-II में आते हैं, उनके बिलों में 2014-15 की तुलना में कमी आई है। श्रेणी-1 (2 किलोवाट तक कनेक्टेड लोड और 100 यूनिट तक मासिक खपत) के उपभोक्ताओं के बिलों में 2014-15 की तुलना में 49 से 75 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, श्रेणी-2 (5 किलोवाट तक कनेक्टेड लोड) के उपभोक्ताओं के लिए 2024-25 की तुलना में बिलों में 3 से 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन 2014-15 की तुलना में अधिकांश बिलों में कमी ही देखी गई है। कुल मिलाकर, श्रेणी-1 और श्रेणी-2 में 94 प्रतिशत उपभोक्ता आते हैं। श्रेणी-3 के उपभोक्ताओं के लिए बिलों में 2024-25 की तुलना में 5 से 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, लेकिन यह श्रेणी केवल 6 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं को कवर करती है। विज ने कहा, “हमने सभी श्रेणियों के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए न्यूनतम मासिक शुल्क (MMC) को समाप्त कर दिया है।”

कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरें

कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरें पहले की तरह ही हैं। मीटर्ड कनेक्शन पर 10 पैसे प्रति यूनिट और फ्लैट रेट पर 15 रुपये प्रति बीएचपी प्रतिमाह की दर लागू है। मीटर्ड कनेक्शनों के लिए MMC को भी कम कर 180 रुपये (15 बीएचपी तक) और 144 रुपये (15 बीएचपी से अधिक) कर दिया गया है।

LT श्रेणी में यह वृद्धि 4 से 7 प्रतिशत

HT उपभोक्ताओं के लिए 2024-25 से 2025-26 तक टैरिफ में 7 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि LT श्रेणी में यह वृद्धि 4 से 7 प्रतिशत के बीच है। पड़ोसी राज्यों में LT उपभोक्ताओं के लिए फिक्स्ड चार्ज 450 रुपये प्रति किलोवाट और HT के लिए 475 रुपये प्रति किलोवाट तक है, जबकि ऊर्जा शुल्क क्रमशः 8.95 और 7.75 रुपये प्रति यूनिट तक है।

पड़ोसी राज्यों से तुलना

विज के अनुसार, हरियाणा में LT (लो टेंशन) और HT (हाई टेंशन) दोनों श्रेणियों में बिजली टैरिफ पड़ोसी राज्यों की तुलना में कम है। हरियाणा में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिक्स्ड चार्ज 0 से 75 रुपये प्रति किलोवाट और अधिकतम ऊर्जा शुल्क 7.50 रुपये प्रति यूनिट है, जबकि पड़ोसी राज्यों में फिक्स्ड चार्ज 110 रुपये प्रति किलोवाट और ऊर्जा शुल्क 8 रुपये प्रति यूनिट तक है।