{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: कारोबारी को होटल के कमरे में ठगने वाली युवती गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर फंसाया

 

Haryana: CIA थ्री पुलिस टीम ने होटल के कमरे में कारोबारी को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर 15 लाख के गहने व 50 हजार की नकदी ठगने वाले गिरोह की एक आरोपी युवती को गिरफ्तार किया। आरोपी युवती की पहचान रोहतक निवासी कनिष्का के रूप में हुई है। CIA थ्री पुलिस टीम ने आरोपी युवती को सोमवार को सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। 

CIA थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी युवती ने रोहतक निवासी अपनी एक सहेली के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया उसकी सहेली ने इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी के नाम से फर्जी आईडी बनाकर सोनू नाम के एक युवक दोस्ती की थी। सहेली ने बताया था सोनू अच्छे परिवार से है और सोने की अंगूठी व गले में चेन पहनता है। सहेली ने उसको सोनू से नाम बदलकर मिलवाया। 

उन दोनों ने सोनू के गहनों को देखकर उसे ठगने की योजना बनाई और उसे हरिद्वार घूमने के बहाने साथ चलने के लिए राजी किया। 22 दिसंबर 2025 की शाम वह दोनों सोनू के साथ उसकी कार में रोहतक से हरिद्वार के लिए निकल लिए। धुंध ज्यादा होने के कारण पानीपत में संजय चौक के पास एक होटल में कमरा लेकर रूक गए। पहले से तय साजिश के तहत उसने सोनू को बातों में उलझा लिया और सहेली ने रेडबुल में नशीली दवाई मिला दी। 

उन दोनों ने शराब पी और सोनू ने रेडबुल पी। कुछ देर बाद सोनू सो गया तो वे दोनों सोने की 4 अंगूठी, 1 अगूठे का छल्ला, गले से सोने की चेन व जेब से 50 हजार रूपए कैश निकालकर होटल से फरार हो गई थी। आरोपी ने बताया ठगे गए जेवरात को बेचने के बाद उसकी सहेली ने उसे हिस्से के तौर के 6 लाख 20 हजार रूपए दिए थे। 

प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को आरोपी युवती को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी युवती से गहनता से पूछताछ करने के साथ नकदी बरामद करने और फरार उसकी सहेली आरोपी के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

यह है मामला?

थाना चांदनी बाग में रोहतक निवासी एक कारोबारी ने 23 दिसंबर 2025 को शिकायत देकर बताया था कि उसका टाइल्स का होलसेल का कारोबार है। करीब 10 दिन से उसकी इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी नाम की आईडी पर बातचीत शुरू हुई। धीरे धीरे युवती ने अपनी मीठी मीठी बातों में उसे उलझा लिया। युवती ने उससे कहा आपकी रिल्स देखी है, आपका डांस बहुत अच्छा है। 

बातचीत करते हुए युवती ने पूछा आप जो गोल्ड पहनते हो क्या वह असली है। उसने हां में जवाब में दिया तो युवती ने कहा क्या हम अच्छे दोस्त बन सकते है। इसके बाद युवती ने मिलने के लिए कहा। युवती उससे मिलने के लिए होटल मन्नत हवेली रोहतक में पहुंची। जहा दोनों ने 10 मिनट तक हरियाणवी सिंगर केडी का लाइव शो देखा। इसके बाद वह युवती अपने घर चली गई और वह अपने घर आ गया। 

इसके बाद युवती ने उसको अपनी बातों में उलझाकर बाहर घूमने चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। बाद में युवती अपनी एक गरीमा नाम की सहेली के साथ मिलने के लिए आई और बोली आपके साथ बाहर घूमने जाना चाहती है। काफी रिक्वेस्ट की तो वह उनकी बातों मे आ गया। 22 दिसंबर 2025 को रात करीब 8 बजे वह अपनी गाड़ी में दोनों युवतियों को लेकर रोहतक से हरिद्वार के लिए निकले। 

धुंध ज्यादा होने के कारण पानीपत में संजय चौक के पास स्थित थार इन होटल में एक रूम बुक करवा रूक गए। वहा तीनों ने रेड बुल और शराब पी। नशा हो गया तो वह सो गया। 23 दिसंबर को सुबह होटल कर्मियों ने उसे चेक आउट के लिए उठाया तो देखा उसके गले में सोने की चेन, चार अंगूठी, अंगूठे का एक छल्ला और 50 हजार रूपए कैश गायब थे। होटल वालो से पूछने पर उन्होंने बताया दोनों युवतियां रात करीब 3 बजे होटल से चली गई। 

दोनों युवतियों मिलकर अपनी बातों में उलझाकर उससे सोने के गहने व नकदी ठगी कर ले गई। थाना चांदनी बाग में कारोबारी की शिकायत पर BNS की धारा 318(4), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।