Haryana : हरियाणा की महिलाओं को हर माह मिलेंगे ₹2100, इस विभाग ने CM को भेजा प्रस्ताव
Haryana : हरियाणा की महिलाओं के लिए एक खुशी की खबर सामने आई है। महिलाओं को खाते में जल्द ही हर महीने 2100 रुपये आने शुरू हो जाएंगे। लेकिन यह BJP सरकार के चुनावी वादे लाडो लक्ष्मी योजना के शुरू होने पर होगा। प्रदेश सरकार BPL परिवारों की करीब 50 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी में है। इसके लिए उनकी फैमिली ID में बैंक खातों को लिंक किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर CM नायब सिंह सैनी को भेजा जा चुका है।
पहले चरण में 50 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
इसे CM कार्यालय और वित्त विभाग से जल्द ही अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि इस योजना का खाका महिला हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें आय सीमा, आयु वर्ग और निवास प्रमाण जैसी शर्तों को भी शामिल किया गया है। कृष्ण बेदी ने स्पष्ट किया कि योजना के पहले चरण में 50 लाख पात्र महिलाओं को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना की लॉन्चिंग की तिथि पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा। बता दें कि हरियाणा में करीब 52 लाख BPL परिवार हैं, जिनमें करीब 50 लाख परिवारों में योजना के लिए पात्र महिलाएं हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी BJP ने 20 संकल्प लिए थे, जिसमें एक लाडो लक्ष्मी योजना का भी था। हरियाणा कांग्रेस ने भी 2000 रुपये महिलाओं को देने का ऐलान किया था, भाजपा ने 100 बढ़ाकर 2100 का ऐलान किया था। अब महिलाएं BJP के इस वादे के पूरे होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
जानें किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार 18 से 60 साल की उम्र तक की महिलाओं को ही इस योजना में शामिल करेगी। 60 वर्ष के बाद महिलाएं वृद्धावस्था पेंशन की हकदार हो जाती हैं। हरियाणा में वृद्धावस्था पेंशन 3 हजार रुपये मिलती है। हालांकि एक बात और सामने आ रही है कि सरकार इसे 18 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष भी कर सकती है।
फैमिली ID अपडेट करवाना जरूरी
इस योजना के तहत BPL परिवारों का स्टेटस फैमिली आईडी से लिया जा रहा है। फैमिली आईडी में आपके परिवार की आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। महिलाओं का बैंक खाता भी अपडेट किया जा रहा है ताकि राशि सीधे उनके ही बैंक खाते में आए।