{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana Weather: हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी और बादलों के आसार

 
Haryana Weather: हरियाणा में आज यानी 17 जनवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार राज्य के कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

सुबह के समय सोनीपत, पानीपत, करनाल, रोहतक, झज्जर समेत जीटी रोड से जुड़े कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। शहरों के बाहरी इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही और कई जगह विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। कोहरे की वजह से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।

कोहरे के कारण हादसा, कई वाहन आपस में टकराए

कोहरे के बीच करनाल में नेशनल हाईवे पर कुटेल के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां लिबर्टी कंपनी की एक बस के साथ चार अन्य वाहन टकरा गए। इस दुर्घटना में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक महिला की टांग कटने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार बीती रात हरियाणा में औसत न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। नारनौल (महेंद्रगढ़) राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य जिलों की बात करें तो चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.0°C, अंबाला में 5.8°C, हिसार में 5.6°C, करनाल में 4.9°C और रोहतक में 5.4°C दर्ज किया गया। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 3.8°C, सिरसा में 7.8°C और सोनीपत में 5.7°C रहा। वहीं पानीपत में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.8 डिग्री कम है।

कल भिवानी रहा था सबसे ठंडा

इससे पहले शुक्रवार को भिवानी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा था, जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। शुक्रवार को औसत न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई, लेकिन राज्य का औसत तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम बना रहा। हिसार में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री से बढ़कर 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।

आगे कैसा रहेगा मौसम

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 18, 19 और 20 जनवरी को भी हरियाणा में मौसम ज्यादातर शुष्क बना रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर कोहरा छाए रहने की संभावना है। 19 जनवरी को एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसका असर सीमित रहने की उम्मीद है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि 17 और 18 जनवरी को ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है और अधिकांश जिलों में कोल्ड वेव की कोई चेतावनी नहीं रहेगी। हालांकि सुबह और रात के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है।

19 जनवरी के बाद बढ़ सकती है बारिश की संभावना

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 जनवरी और 19 जनवरी की रात दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। इनके असर से 17 और 18 जनवरी को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 19 जनवरी के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।