Haryana Weather Update: हरियाणा में 31°C से ऊपर पहुंचा तापमान, किसानों के लिए एडवाइजरी जारी
Haryana Weather Update: हरियाणा में फरवरी के आखिरी सप्ताह में गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का अधिकतम तापमान 31 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। वहीं 10 जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने से सुबह के समय ठंडक महसूस हुई है। जिससे दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा तापमान नूंह में 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा रोहतक, भिवानी, महेंद्रगढ़, हिसार, अंबाला, गुरुग्राम और सिरसा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर रहा। बढ़ती गर्मी और सूखे का असर गेहूं और सरसों की फसल पर हो सकता है। इसलिए किसानों को सिंचाई और कीट नियंत्रण पर द्यान देने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम शुष्क रहने से फसलों में नमी की कमी हो सकती है। ऐसे में किसानों को आवश्यकता अनुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। गेहूं की फसल में पीली रतुआ (येलो रस्ट) रोग की नियमित निगरानी करने, दीमक नियंत्रण के लिए फिप्रोनिल या क्लोरपाइरीफॉस का उपयोग करने और माहू (एफिड) दिखने पर नीम अर्क या थायमेथोक्साम का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
सब्जियों और चारे के लिए किसानों को नियमित सिंचाई, बरसीम की कटाई समय पर करने और 15 से 20 दिन के अंदर सिंचाई की सलाह दी गई है। पशुओं को दिन में धूप में बांधने और रात में छत के नीचे बांधने की सलाह दी गई है।