{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana Weather: हरियाणा में इस दिन होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी

 
Haryana Weather: हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। सोमवार को प्रदेश में रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बीते दिन की तुलना में औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है। इसके बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 22 से 24 जनवरी के बीच हरियाणा के कई इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से 25 जनवरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 25 जनवरी तक मौसम सामान्य से अधिक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 20 और 21 जनवरी को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी संभव है।

उन्होंने बताया कि 22 से 24 जनवरी के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 जनवरी से अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। इस अवधि में हवाओं की दिशा में बदलाव रहेगा और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं। साथ ही अलसुबह और देर रात कुछ क्षेत्रों में धुंध छाए रहने की भी आशंका है।

इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों के लिए जिलेवार अलर्ट जारी किया है। 19 जनवरी को हिसार, भिवानी, जींद, कैथल और अंबाला जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। वहीं 21 जनवरी को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जैसे उत्तरी जिलों में एक बार फिर घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जनवरी को प्रदेश में मौसम करवट लेगा। इन दिनों चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और सोनीपत समेत उत्तरी हरियाणा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।