{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana Weather: हरियाणा में बढ़ी रात की ठंड, 22 अक्टूबर तक मौसम रहेगा खुश्क

 
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे सुबह और देर शाम हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से बहने वाली हवाओं ने रात्रि तापमान में गिरावट लाने में अहम भूमिका निभाई है।

महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा

राज्य में महेन्द्रगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा नारनौल में 16.2 डिग्री और हिसार में 16.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में रातें और भी ठंडी हो सकती हैं।

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 22 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। इस दौरान दिन के समय आसमान साफ रहेगा, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, रात्रि तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।