{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana Weather: हरियाणा में ठंड और कोहरे का कहर, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

 

Haryana Weather: हरियाणा में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। सिरसा और आसपास के इलाकों में सुबह पाला जमने से ठंड और बढ़ गई है, हालांकि फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है।

इन जिलों में कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार आज हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), फतेहाबाद और सिरसा जिलों में घने कोहरे की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने का अंदेशा है।

वहीं अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, कैथल और सोनीपत जिलों में फिलहाल कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

शुक्रवार को कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 23 जनवरी को हरियाणा के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश अंबाला में हुई, जहां कुल 56.7 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। करनाल में 31.0 एमएम और यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में 30.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा भिवानी में 21.0 एमएम, पानीपत में 19.0 एमएम, रोहतक में 16.5 एमएम और सोनीपत में 17.5 एमएम बारिश हुई।

तापमान में तेज गिरावट

बारिश और बादलों के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। भिवानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 15.6, रोहतक में 16.3, करनाल में 13.6 और अंबाला में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में एक ही दिन में तापमान 5 से 12 डिग्री तक गिर गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर के अनुसार आज पंचकूला और यमुनानगर के आसपास हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 जनवरी की शाम से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27 जनवरी को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। 28 जनवरी के बाद हवाओं की दिशा बदलने से ठंड का दौर एक बार फिर तेज हो सकता है।