Haryana : हरियाणा में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई रोकी, ये जिले हुए सबसे ज्यादा प्रभावित
रोहतक में 50 से अधिक इंडस्ट्री प्रभावित
जानकारी के अनुसार रोहतक में कॉमर्शियल गैस की कमी के कारण 50 से अधिक इंडस्ट्री प्रभावित हो गई हैं। सत्या इंटरप्राइजेज सहित कई इकाइयों में पाउडर कोटिंग, भट्टी और बॉयलर से जुड़े काम रुक गए हैं जिससे करीब 70 मजदूर खाली बैठे हैं।
वहीं सोनीपत में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है लेकिन व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। मुरथल क्षेत्र में पाइपलाइन से गैस सप्लाई जारी है। उद्योगपतियों को संभावित कटौती का नोटिस भी भेजा गया है। तेल कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे संदेशों में कहा गया है कि देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और कमी को लेकर फैलाए जा रहे दावे भ्रामक हैं। प्रशासन का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है।
कैथल में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति दो दिन से बंद है। होटल और ढाबा संचालकों को पिछले 10 दिनों से सिलिंडर नहीं मिले हैं, जिसके चलते कई जगहों पर लकड़ी से खाना बनाने की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। जींद और झज्जर में भी एजेंसियों ने कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई रोक दी है, जिससे रेहड़ी-फड़ी और छोटे खाद्य कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। पानीपत में 5.50 लाख उपभोक्ता हैं और रोजाना करीब 11,100 घरेलू सिलिंडरों की खपत होती है।
यहां अब 25 दिन से पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो रही। कॉमर्शियल सिलिंडरों की बिक्री भी एजेंसियों ने बंद कर दी है जिससे होटल-ढाबा संचालकों को मुश्किल हो रही है।
करनाल में करीब 3.01 लाख उपभोक्ता और 42 गैस एजेंसियां हैं। डीएफएससी मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई है और केवल स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को ही सिलिंडर दिए जा रहे हैं। एजेंसियों से स्टॉक की नियमित रिपोर्ट ली जा रही है। अंबाला में मंगलवार को कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद रही। हालांकि फिलहाल कई होटल और रेहड़ी संचालकों के पास अतिरिक्त सिलिंडर होने के कारण तत्काल संकट नहीं आया है लेकिन एक-दो दिन में स्थिति बदल सकती है।
यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। हालांकि यहां भी 25 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो रही और एजेंसियों से सिलिंडरों का रिकॉर्ड नियमित रूप से लिया जा रहा है। चरखी दादरी, नारनौल, रेवाड़ी और जींद में घरेलू गैस के लिए भी उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है। बुकिंग के बाद तीन-चार दिन में सिलिंडर मिल रहे हैं और कई जगह एजेंसियों को पीछे से सीमित सप्लाई मिल रही है।