{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पटवारी व नंबरदार रिश्वत लेते गिरफ्तार 

 
चंडीगढ़, 18 मार्च: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, पटवारी (उम्र 51 वर्ष) पुत्र श्री जगत सिंह, तथा कर्मबीर, नंबरदार के रूप में हुई है। दोनों को पुरानी तहसील, बादली (जिला झज्जर) से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही काबू किया गया।

इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कुलदीप ने ब्यूरो को शिकायत दी कि उसकी माता संतरा के नाम पर गांव बुपनिया में लगभग 1.25 बीघा भूमि दर्ज थी, जिसे उसके भाई ने बिना जानकारी दिए अवैध रूप से अपने नाम रजिस्ट्री करवा लिया। इस रजिस्ट्री व इंतकाल को रुकवाने के लिए जब वह पटवारी सुनील कुमार से मिला, तो उसने ग्राम नंबरदार कर्मबीर के माध्यम से कार्य करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत की पुष्टि होने पर ब्यूरो ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निरीक्षक देवेन्द्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। योजनाबद्ध ढंग से की गई रेड के दौरान दोनों आरोपियों को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

निदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए आमजन से अपील की कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें।