{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा के गांव ककराना का बेटा Sq लीडर पायलट शहीद, आसाम में हेलीकॉप्टर क्रैश 

 
चंडीगढ़, 06 मार्च- हरियाणा के सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने असम के कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त सुखोई विमान हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राव नरबीर सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ ने देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का परिचय दिया है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपने वीर सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने गुरुग्राम में रह रहे शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में हरियाणा सरकार और पूरा प्रदेश वीर अनुज वशिष्ठ के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की सेवा के लिए दिया गया यह सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।