{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana: हरियाणा में गणतंत्र दिवस समारोह का शेड्यूल जारी, CM नायब सैनी गुरुग्राम में फहराएंगे तिरंगा

 
Haryana News: हरियाणा में 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राज्य सरकार ने आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इस वर्ष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं, हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष पंचकूला में तिरंगा फहराएंगे और यहीं पर राज्यपाल की ओर से एट होम का आयोजन भी किया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस बार झंडारोहण की जिम्मेदारी केवल मंत्रियों और विधायकों तक सीमित नहीं रखी गई है, बल्कि जिला परिषद के चेयरमैनों को भी सूची में शामिल किया गया है। इसे स्थानीय प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कुछ बदलाव भी देखने को मिलेंगे। कैबिनेट मंत्री अनिल विज इस बार अंबाला के बजाय यमुनानगर में तिरंगा फहराएंगे। वहीं नए जिले हांसी में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर झंडारोहण करेंगे। हालांकि, जारी सूची में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम शामिल नहीं किया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार, सभी जिलों में गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और अनुशासित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को सुरक्षा, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के आदेश दिए गए हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेशभर में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।