Haryana: माजरा-डी खरीद केंद्र के पुनर्निर्माण को 4.10 करोड़ की मंजूरी, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य
एसडीएम रेणुका नांदल ने सोमवार को माजरा-डी खरीद केंद्र का किया दौरा
Apr 7, 2026, 09:53 IST
बेरी (झज्जर) : एसडीएम रेणुका नांदल ने सोमवार को माजरा-डी स्थित खरीद केंद्र का निरीक्षण करते हुए बताया कि खरीद केंद्र पर किसानों व आढ़तियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार और प्रसाशन सजग है। इस खरीद केंद्र पर मूल भूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा 4.10 करोड़ रुपये (410.21 लाख रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस राशि से खरीद केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और जरूरी कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खरीद केंद्र में जमीन को समतल करने तथा निचले हिस्सों को ऊंचा उठाने के लिए कच्चे क्षेत्रों में मिट्टी भराई का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही साइट की आवश्यकता के अनुसार सड़क और पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, एसडीएम ने बताया कि खरीद केंद्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारों ओर ईंटों से चारदीवारी को ऊंचा किया जाएगा। जल निकासी के लिए स्टॉर्म वॉटर लाइन, संग्रहण टैंक और चैम्बर मोटर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बारिश के पानी का उचित निपटान सुनिश्चित हो सके।
एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि सरकार से मिली स्वीकृति के बाद अब विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा, जिससे किसानों और आढ़तियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।