Haryana : हरियाणा में डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया बदली, अब स्पेशलिस्ट डॉक्टर होंगे हॉयर; प्रति केस मिलेगा चार्ज
इसकी शुरुआत पंचकूला से हो गई है। पंचकूला के रायपुररानी सीएचसी के लिए 3 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की वैकेंसी निकाली गई है।
Haryana : हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया है। अब स्थाई भर्ती की बजाय प्रति केस बेस पर स्पेशलिस्ट डाक्टरों हॉयर किये जा रहे है। इसकी शुरुआत पंचकूला से हो गई है। पंचकूला के रायपुररानी सीएचसी के लिए 3 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की वैकेंसी निकाली गई है।
ऑन कॉल रहेंगी सेवाएं
इस योजना के तहत डॉक्टरों की सेवाएं ऑन कॉल रहेंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें बुलाया जाएगा। प्रत्येक केस के हिसाब से ही डॉक्टरों को भुगतान किया जाएगा। आपको बता दें कि पंचकूला की रायपुररानी CHC में तीन स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की जरूरत है। एक गायनोलॉजिस्ट, एक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और एक बच्चों के डॉक्टर (पीडियाट्रिशियन)।
NHM के माध्यम से कांट्रेक्ट किया जारी
इनके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा NHM के माध्यम से कांट्रेक्ट जारी किया गया है। गायनोलॉजिस्ट को प्रति केस ₹3500, एनेस्थीसिया डॉक्टर को ₹3000 और पीडियाट्रिशियन को ₹2500 दिए जाएंगे। योग्यता की बात करें तो गायनोलॉजिस्ट पद के लिए MD/MS या DNB, एनेस्थीसिया के लिए संबंधित पीजी डिग्री, और पीडियाट्रिक्स के लिए पीजी डिग्री या डिप्लोमा अनिवार्य है।
18 जुलाई 2025 तक आवेदन
इच्छुक डॉक्टर 18 जुलाई 2025 तक पंचकूला सिविल सर्जन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। यह कांट्रेक्ट 31 मार्च 2026 तक वैध रहेगा। हालांकि, यदि इस बीच किसी पद पर स्थायी नियुक्ति हो जाती है, तो कांट्रेक्ट समय से पहले समाप्त भी किया जा सकता है। परिस्थितियों के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर इस व्यवस्था को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
इस नई प्रणाली से सरकार डॉक्टरों की अनुपलब्धता की समस्या को दूर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन इससे स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता और गुणवत्ता पर सवाल भी खड़े हो सकते हैं।