{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा पुलिस को मिली 312 नई इमरजेंसी गाड़ियां, CM सैनी ने दिखाई हरी झंडी 

 

 गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के लीजर वैली पार्क में हरियाणा पुलिस के लिए 312 नई इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 310 मोटरसाइकिल और 2 होंडा एलिवेट कारें शामिल हैं। ये वाहन होंडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल हरियाणा में सार्वजनिक सुरक्षा को और मजबूत करेगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस पुलिस व्यवस्था नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करती है।

 

नायब सिंह सैनी ने हरियाणा पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि जहां देश में पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम करीब 18 मिनट है, वहीं हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर मात्र 7 मिनट 3 सेकंड कर दिया है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिल और एक होंडा एलिवेट वाहन, जबकि फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिल और एक होंडा एलिवेट वाहन दिया गया है। बाकी 210 मोटरसाइकिल राज्य के अन्य जिलों में भेजी गई हैं।

 

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नए ईआरवी वाहनों के शामिल होने से पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी तेजी से मौके पर पहुंच सकेंगे और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध करा सकेंगे।

वहीं, गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त शिबाश कबिराज ने कहा कि मोटरसाइकिल आधारित ईआरवी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में विशेष रूप से उपयोगी साबित होंगी। इससे पुलिसकर्मी कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर लोगों को तुरंत सहायता प्रदान कर सकेंगे।