Haryana: हरियाणा में कल से शुरू होगी पेपरलेस रजिस्ट्री, दफ्तरों के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
हरियाणा के नागरिकों के लिए जरूरी जानकारी
वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने आम लोगों और संपत्ति डीलरों से अपील की कि वे अब नए स्टांप पेपर न खरीदें, क्योंकि पेपरलेस प्रणाली में इसकी आवश्यकता नहीं होगी।
हालांकि, जो लोग पहले से स्टांप पेपर खरीद चुके हैं, वे सिस्टम लागू होने के एक सप्ताह के भीतर उनका उपयोग कर सकते हैं। इसके बाद भौतिक स्टांप पेपर अप्रचलित हो जाएंगे।
नई डिजिटल प्रणाली से पारदर्शिता और सुविधा
डॉ. मिश्रा के अनुसार, वर्तमान रजिस्ट्री प्रणाली लगभग 58 वर्षों से लागू है। अब इसे आधुनिक तकनीक से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। नई डिजिटल प्रणाली से रजिस्ट्री प्रक्रिया में लगने वाला समय घटेगा और भ्रष्टाचार की संभावनाएं खत्म होंगी।
इसके साथ ही नागरिकों को अपनी संपत्ति से जुड़ी सभी जानकारी और दस्तावेजों का डिजिटल रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा, जिसे वे कभी भी एक्सेस कर सकेंगे।
ई-रजिस्ट्रेशन पोर्टल से होगा ऑनलाइन पंजीकरण
राज्य सरकार ने इसके लिए नया पोर्टल eregistration.rev-enueharyana.gov.in लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म सरल, सुरक्षित और नागरिकों के लिए अनुकूल बनाया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 29 सितंबर को कुरुक्षेत्र जिले की बाबैन उप-तहसील से इस पहल की शुरुआत की थी। इसके बाद से यह प्रणाली चरणबद्ध रूप से हर जिले में लागू की जा रही है।