Haryana News: हरियाणा में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति ने दम तोड़ने तक मारी गोलियां
Haryana News: हरियाणा के झज्जर जिले के बिरधाना गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी ने अपने घर के बाहर ही पत्नी पर 8 राउंड फायरिंग की। पत्नी अंजलि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जेल से जमानत पर बाहर आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी संजय के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज है। वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद संजय ने इस वारदात को अंजा दिया। घटना की असली वजह क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र के घेराबंदी कर सबूत जुटाने शुरु कर दिए। मौके पर FSL टीम को भी बुलाया। FSL टीम को घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत मिले। सीआईए और स्पेशल स्टाफ सहित कई पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। ताकि हत्या के असली कारण का पता लगाया जा सके। सबूत जुटाने के बाद अंजली के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। एसीपी अनिल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।