{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana News: हरियाणा विधानसभा में गूंजा जुलाना पालिका चेयरमैन के भ्रष्टाचार का मुद्दा, मंत्री ने दिया ये जबाव

 
 

Haryana News: हरियाणा सरकार ने नगर पालिका जुलाना के चेयरमैन के विरुद्ध भ्रष्टाचार के मामले में सख्त कार्रवाई की है। विधानसभा में बजट सत्र के दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने सदन में बताया कि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल द्वारा संजय कुमार के खिलाफ 16 अगस्त 2025 को एफआईआर दर्ज की हुई है। सरकार ने उक्त मामले का संज्ञान लेते हुए संजय कुमार को उसी दिन से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधान को पहले ही निलंबित किया जा चुका है ऐसी स्थिति में इस स्तर पर संपूर्ण नगर पालिका को भंग किया जाना औचित्यपूर्ण नहीं है।

 

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने बताया कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर पालिका, जुलाना के प्रधान एवं संबंधित कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज है और मामले की जांच प्रगति पर है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायक श्रीमती विनेश फौगाट द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

 

इसके अलावा, विधायक श्री घनश्याम दास द्वारा यमुनानगर में शहर से बाहर ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने बारे पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर में ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर क्षेत्र के भीतर आ गया है, जहां आबादी का घनत्व काफी अधिक है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है कि ट्रांसपोर्ट नगर को ऐसी उपयुक्त जगह पर विकसित किया जाए, जहां सड़क संपर्क सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं व्यापारियों को सुगमता से उपलब्ध हो सकें।

 

उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय विधायक का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और जहां भी सर्वसम्मति एवं उपयुक्त स्थान मिलेगा, वहां नए ट्रांसपोर्ट नगर को विकसित किया जाएगा।