Haryana News: सिरसा का बस स्टैंड शहर से बाहर होगा शिफ्ट, आमजन को जाम से मिलेगी निजात
24 एकड़ में बना है बस स्टैंड
हिसार रोड पर बस स्टैंड करीब 24 एकड़ में बना हुआ है। बस स्टैंड परिसर में बसों की आवाजाही और बसों को रोकने के लिए जगह पर्याप्त है। लेकिन बस स्टैंड के बाहरी तरफ से सिरसा से हिसार और डबवाली की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग है, जिस पर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जब भी बस गुजरती है तो जाम लग जाता है।
शहर के बीचों बीच बस स्टैंड बना हुआ है। यहां यात्रियों के लिए भवन वर्कशॉप और पार्किंग की व्यवस्था है, लेकिन परिसर का बहुत हिस्सा खाली पड़ा है जहां पर झाड़ियां उगी हुई है। रोडवेज ने फिलहाल परिसर के विस्तार की कोई प्रक्रिया शुरु नहीं की है।
दैनिक यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी
वर्तमान में बस स्टैंड शहर की बीचों बीच होने की वजह से यात्री अंबेडकर चौक, सांगवान चौक और बरनाला रोड जैसे स्टॉपेज से आसानी से बस ले पाते हैं। शहर से बाहर शिफ्ट होने पर यात्रियों को आवाजाही में परेशानी होगी।
सिरसा डिपो के यातायात प्रबंधक सुवीर कुमार का कहना है कि जन सेवा पोर्टल के माध्यम से बस स्टैंड शिफ्टिंग को लेकर डिमांड आई है। शहर से बाहर जगह की तलाश के लिए जिला प्रशासन से मांग की गई है। जगह का चयन किए जाने के बाद शिफ्टिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।