{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा STF की बड़ी कार्रवाई, अमेरिका से डिपोर्ट हुए लॉरेंस बिश्नोई के करीबी को किया गिरफ्तार

 
Haryana News: हरियाणा STF की अंबाला यूनिट ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी लखविंद्र सिंह उर्फ लाखा को गिरफ्तार किया है। लखविंद्र को अमेरिका से डिपोर्ट कर 25 अक्टूबर को भारत लाया गया, जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हरियाणा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। लखविंद्र कैथल जिले के तितरम गांव का रहने वाला है और 2022 से गैंगस्टर अनमोल के निर्देश पर अमेरिका में सक्रिय था। उस पर हरियाणा के पांच जिलों अंबाला, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर और कैथल में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तेल कारोबारी के घर पर फायरिंग का मामला बना गिरफ्तारी की वजह

लखविंद्र के खिलाफ अंबाला के सेक्टर-9 थाने में 27 अप्रैल 2023 को सबसे गंभीर केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने अंबाला के तेल कारोबारी अर्शजोत सिंह के घर पर फायरिंग कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह के समय घर की दीवार पर गोलियां चलाई गईं, जो CCTV कैमरे में कैद हो गईं। इस मामले में धारा 25 और 54 आर्म्स एक्ट समेत 285, 384, 387, 427, 506 और 34 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया था।

कई जिलों में उगाही और धमकी के मामले दर्ज

लखविंद्र पर पहला मामला 14 फरवरी 2023 को गोहाना में दर्ज हुआ था, जब उसने जल विभाग के ठेकेदार से गोल्डी बराड़ के नाम पर ₹1 करोड़ की फिरौती मांगी थी। इसके बाद 21 मार्च 2023 को रोहतक के महम थाने में ज्वेलर से एक करोड़ की उगाही की कोशिश का केस दर्ज किया गया। यमुनानगर में 22 मार्च को एक व्यापारी को धमकाने और 29 मार्च को कैथल में हत्या की धमकी देकर वसूली करने का मामला सामने आया।

अमेरिका में FBI ने किया था गिरफ्तार

लखविंद्र की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए इंटरपोल ने 26 अक्टूबर 2024 को उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इस कार्रवाई के बाद अमेरिकी एजेंसी FBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद 25 अक्टूबर 2025 को उसे भारत डिपोर्ट किया गया, जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर STF ने तुरंत उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

हरियाणा STF की बड़ी सफलता

STF के अधिकारियों के अनुसार, लखविंद्र लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए विदेश से काम कर रहा था और भारत में फायरिंग, वसूली और धमकी की कई वारदातों को ऑपरेट कर रहा था। उसके खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं। आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क और अन्य गैंग सदस्यों के बारे में जानकारी निकाली जा सके।