{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार की रिश्वत लेते इंस्पेक्टर और अटेंडेंट गिरफ्तार

 
Haryana News: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 26.02.2026 को वन्यजीव विभाग, अम्बाला में तैनात निरीक्षक राकेश कुमार तथा एनीमल अटेंडेंट भरत (HKRNL के माध्यम से कार्यरत) को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कार्यालय वन्यजीव विभाग, अम्बाला से ट्रैप कार्रवाई के दौरान काबू किया गया।

इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध अभियोग संख्या 03 दिनांक 26.02.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 तथा धारा 61(2) व 308(2) बी.एन.एस. के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सन्दीप पुत्र श्री जसमेर सिंह निवासी गांव भीलपुरा, जिला अम्बाला ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि उक्त अधिकारियों ने उसके घर से 25 किलो मांस पकड़े जाने के मामले में वन्यजीव (संरक्षण) नियमावली के अंतर्गत चालान न करने के एवज में 50,000 रुपये की मांग की। बाद में सौदा 40,000 रुपये में तय हुआ, जिसमें से 10,000 रुपये दिनांक 23.02.2026 को ले लिए गए थे, जबकि शेष 30,000 रुपये आज दिनांक 26.02.2026 को मांगे जा रहे थे।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के उपरांत ब्यूरो द्वारा योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई तथा आरोपियों को 30,000 रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दोहराया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।