Haryana News: हरियाणा में जेल वार्डनों को मिलेगा पुलिस कांस्टेबल समान भत्ता, CM सैनी ने किया ऐलान
Haryana News: हरियाणा के करनाल कैथल रोड स्थित जेल अकादमी में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सीएम सैनी ने कहा कि जेल विभाग के कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश में कार्य़रत जेल वार्डन और हेड वार्डनों को अब पुलिस विभाग के कांस्टेबलों के समान भत्ता दिया जाएगा।
इस समय जेल वार्डनों को हर महीने 600 रुपए राशन भत्ता मिलता है। अब उसे आगामी वित्त वर्ष में बढ़ाकर 1500 रुपए हर महीना किया जाएगा। कन्वेंस भत्ता जो अभी 50 रुपए प्रति माह है, उसे 14 गुणा बढ़ाकर 720 रुपए प्रति माह किया जाएगा।
वर्दी भत्ता 3000 रुपए से बढ़ाकर साढ़े 7000 रुपए प्रति वर्ष किया जाएगा। इन सभी घोषणाओं से सरकार पर कुल 26 करोड़ 35 लाख रुपए का वित्तीय भार पड़ेगा, जिसे सरकार सहर्ष स्वीकार करेगी। साथ ही सैनी ने कहा कि अब वार्डन से हेड वार्डन बनने के लिए 20 वर्ष की बजाय 18 वर्ष का समय लगेगा, बशर्ते वार्डन का रिकॉर्ड अच्छा हो।