{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

 


Haryana News: हरियाणा पुलिस ने हनीट्रैप का किया पर्दाफाश, रेप के झूठे केस में फंसा कर युवक से मांगे 27 लाख

 
 

 Haryana News: नरवाना पुलिस ने 2 युवकों को रेप के झूठे केस में फंसा कर लाखों रुपए ऐंठने के एक हनीट्रैप के मामले का पर्दाफाश किया है। डी.एस.पी. नरवाना कमलदीप राणा ने सोमवार देर सायं पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि गत 7 मार्च को एक महिला ने सिटी पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी कि गत 23 फरवरी को 2 युवकों ने उसकी लड़की को उस समय पकड़ लिया जब वह उनकी दुकान पर पिज्जा लेने के लिए गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक युवक ने कैबिन में ले जाकर जबरदस्ती उसकी लड़की के साथ रेप किया जबकि उसका दोस्त कैबिन के बाहर खड़ा रहा। 

सिटी पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। डी.एस.पी. कमलदीप राणा ने बताया कि जब जांच अधिकारी ने कोर्ट में बयान दर्ज करवाने की बात कही तो शिकायकर्ता महिला अपनी लड़की को यह कहकर ले गई कि उसकी लड़की की तबीयत ठीक नहीं है फिलहाल इसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है वह कल लड़की के बयान करवाएगी।

 डी.एस.पी. ने बताया कि अगले दिन भी पुलिस महिला को फोन करती रही लेकिन महिला ने फोन रिसीव नहीं किया और पुलिस को झांसा देती रही। उन्होंने बताया कि गत दिवस जब जांच अधिकारी पीड़ित लड़की को मैडिकल के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर गई तो लड़की ने मैडिकल करवाने से यह कहकर मना कर दिया कि उसके साथ कोई रेप नहीं हुआ है।

 लड़की ने डॉक्टर के सामने यह लिखकर दिया। डी.एस.पी. ने बताया कि जब गत दिवस पुलिस पीड़ित लड़की व उसकी मां को कोर्ट में लेकर गई तो वहां से भी ये दोनों निकल गए और अपने बयान दर्ज नहीं करवाए। डी.एस.पी. ने बताया कि आज शिकायतकर्ता ने किसी के माध्यम से आरोपी पार्टी से बातचीत शुरू कर दी और 30 लाख रुपए की डिमांड की तथा 27 लाख रुपए में इनकी बात तय हो गई। इनका यह तय हुआ कि कोर्ट में यह बयान दर्ज करवा देंगे कि उनकी बेटी के साथ कोई रेप नहीं हुआ गलतफहमी में शिकायत दर्ज करवा दी थी। इस पर सहमति बनने पर युवक पक्ष ने इन्हें 27 लाख रुपए देने की हां कर ली। बाद में आरोपी युवक के चाचा ने पुलिस के समक्ष पेश होकर सारी बात बता दी कि उनके लड़के के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है और उनसे 27 लाख रुपए की मांग की जा रही है। बाद में सी.आई.ए. नरवाना को मामले की जांच सौंपी गई। सी.आई.ए. नरवाना ने मामले की जांच के लिए अपनी टीम गठित की। आज कोर्ट में लड़की व उसकी मां ने अपने बयान दर्ज करवाए कि उसकी लड़की के साथ कोई रेप नहीं हुआ है। 


बाद में उन्होंने आरोपी पक्ष से 27 लाख रुपए मांगे तो 27 लाख रुपए लेते हुए डयूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया जो महिला के मामे का लड़का बताया गया है। डी.एस.पी. कमलदीप राणा ने कहा कि पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है कि हनीट्रैप के इस मामले में कौन-कौन शामिल है और इस राशि का हिस्सा किस किस के पास जाना था। 

अब सिटी पुलिस ने पकड़े गए युवक आरोपी महिला व उसकी लड़की के खिलाफ हनीट्रैप का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। उन्होंने बताया कि महिला व उसकी बेटी अभी फरार है उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और अन्य कोई व्यक्ति भी इसमें संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सी.आई.ए. इंचार्ज सुखदेव सिंह व सिटी थाना प्रभारी आत्मा राम भी मौजूद रहे।