Haryana News: हरियाणा पुलिस ने इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार, 3 दर्जन से ज्यादा वारदातों में रहा शामिल
Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में अपराध शाखा सोहना पुलिस टीम ने इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। बता दें कि आरोपी 3 दर्जन से ज्यादा चोरी की वारदातों में संलिप्त रहाहै। पुलिस से बचने के प्रयास में वह बाइक से गिरकर घायल हो गया था।
यह कार्रवाई तब हुई जब अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम रात में सोहना घाटी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब रोकने के लिए कहा तो युवक ने बाइक की स्पीड और बढ़ा दी और भागने लगा। लेकिन भागने के चक्कर में वह असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुंरत गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और कारतूस बरामद
आरोपी की पहचान गुरुग्राम के पीर कॉलोनी निवासी शाहरूख के रुप में हुई है। आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तारी के वक्त शाहरुख के पैर में चोट लगी थी। जिसके इलाज के लिए उसे गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
5 हजार की इनामी आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम जिले में ताला तोड़कर, दीवार तोड़कर और रात को चोरी की कुल 14 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। इसके अलावा भौंडसी क्षेत्र की परमिट लाइन स्थित एक दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पाया गया कि उसके खिलाफ गुरुग्राम जिले में चोरी के 23 मामले पहले से दर्ज हैं। इस प्रकार वह अब तक 3 दर्जन से ज्यादा चोरी की वारदातों में संलिप्त पाया गया है।