{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरु, 30 मिनट पहले परीक्षार्थी को पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र

 
Haryana News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो०(डॉ०) पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर एवं सचिव श्री मुनीश शर्मा, भा.प्र.से. ने बताया कि सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी(शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) एवं डी०एल०एड० की परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के सफल संचालन के लिए शिक्षा बोर्ड ने सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में कल पहले दिन  25 फरवरी को सीनियर सैकेण्डरी(शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की अंग्रेजी एवं डी०एल०एड० द्वितीय वर्ष की रि-अपीयर परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा।


उन्होंने बताया कि सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं में प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 05 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ होगें, जिसमें 2,96,593  लडक़े व 2,69, 818 लड़कियां शामिल हैं।  इसके अतिरिक्त  डी.एल.एड.(रि-अपीयर) की परीक्षाओं का संचालन भी 25 फरवरी से करवाया जा रहा हैं। इस परीक्षा में 5,356 छात्र-अध्यापक परीक्षा देंगे। परीक्षाओं का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा। 


उन्होंने आगे बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देंशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य है इसलिए परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लैमिनेशन न करवाएं। परीक्षा केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जैसे मोबाईल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि का प्रयोग वर्जित होगा। उन्होंने बताया कि सभी पात्र परीक्षार्थियों को प्रवेश-पत्र जारी कर दिए गए हैं। बिना प्रवेश-पत्र के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने  बताया कि परीक्षा केन्द्रों के औचक निरीक्षण हेतु 320 उडऩदस्तों का गठन किया गया है, जिसमें बोर्ड अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व बोर्ड सचिव के प्रभावी उडऩदस्तों के अलावा 22 जिला प्रश्र पत्र उडऩदस्ते, 48 उप-मण्डल प्रश्र पन्न उडऩदस्ते, 21 रैपिड एक्शन फोर्स, 21 एस.टी.एफ., संग्रहण केन्द्र के 22 उडऩदस्ते एवं 02 नियंत्रण कक्ष उडऩदस्ते गठित किए गए हैं।

 इसके अतिरिक्त उपायुक्त के 22 उडऩदस्ते, उप-मण्डल अधिकारी (ना०) के 69 उडऩदस्ते, जिला शिक्षा अधिकारी के 22 उडऩदस्ते व अध्यक्ष के 22 विशेष उडनदस्ते, उपाध्यक्ष के 22 विशेष उडनदस्ते व सचिव के 22 विशेष उडनदस्ते एवं उप-सचिव (संचालन) व  सहायक सचिव (संचालन) के उडऩदस्ते भी गठित किये गये हैं, जोकि परीक्षा केंद्रों पर पैंनी निगाहें बनाए रखेंगे। परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर भी बंद रहेंगे। 


उन्होंने आगे बताया कि प्रश्र पत्रों पर अल्फा न्यूमेरिक कोड, क्यू आर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर भी अंकित किए गए हैं। इससे यदि कोई परीक्षार्थी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी व अन्य कोई व्यक्ति प्रश्र पत्र की फोटो लेता है तो तुरंत पता लग जाएगा कि प्रश्र पत्र किस परीक्षार्थी का है एवं कहां से आउट हुआ है, जिससे परीक्षाओं के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितताओं पर लगाम लगाई जा सकेगी। 

उन्होंने  बताया कि यदि किसी परीक्षा केन्द्र से पेपर आउट होने का मामला पाया जाता है, तो उस केन्द्र के अधीक्षक, पर्यवेक्षक व नकल में संलिप्त परीक्षार्थी के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। 
उन्होंने आगे बताया कि परीक्षा की सुचिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। 

अधिकतर परीक्षा केन्द्र सीसीटीवी कैमरो की निगरानी में रहेंगे। यह कदम पेपर लीक की संभावना को समाप्त करने और परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करें। नियमित रूप से सिलेबस का रिवीजन करें और स्वस्थ दिनचर्या अपनाएं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ छोटे विराम भी आवश्यक हैं, जो परीक्षा का तनाव कम करने में सहायक होते है।